ग्राम बरतुंगा में 124 क्विंटल चावल की हेराफेरी – ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

डभरा। जनपद पंचायत डभरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरतुंगा में गरीबों के हक के राशन की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सितंबर माह में मिलने वाला 124 क्विंटल चावल राशन विक्रेता द्वारा वितरण न कर अधिक दामों में बेच दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि नव जागृति महिला स्व सहायता समूह के संचालक क्रांति लाल चौहान ने राशनकार्डधारियों से केवाईसी के नाम पर अंगूठा लगवा लिया और बाद में राशन वितरण किए बिना ही पूरा चावल बाहर व्यापारियों को बेच दिया। शिकायत के बाद फूड इंस्पेक्टर अविनाश पटेल ने सरपंच व ग्रामीणों की मौजूदगी में राशन दुकान का भौतिक सत्यापन किया और पंचनामा तैयार किया। इसमें 124 क्विंटल चावल की हेराफेरी की पुष्टि हुई।
इसके बावजूद अब तक दोषियों पर कार्रवाई न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय डभरा पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी। ग्रामीणों ने मांग की है कि सितंबर माह का चावल तुरंत हितग्राहियों को वितरित किया जाए और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।




