सक्ती जिला

सक्ती के 30 स्काउट्स-गाइड्स ने दिखाया साहस, राज्य स्तरीय एडवेंचर कैंप में शामिल होकर किया व्यक्तित्व विकास

सक्ती। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा महासमुंद जिले के ग्राम जलकी (अलोहा) में 11 से 14 अगस्त तक आयोजित राज्य स्तरीय एडवेंचर हाईक, व्यक्तित्व विकास एवं प्राकृतिक अध्ययन शिविर में सक्ती जिले के 30 स्काउट्स एवं गाइड्स ने हिस्सा लिया।

शिविर का शुभारंभ महामहिम राज्यपाल एवं राज्य मुख्य संरक्षक डॉ. रामेन डेका के संरक्षण तथा मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय के संरक्षण में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की, जबकि संचालन राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव और राज्य सचिव कैलाश सोनी के मार्गदर्शन में हुआ।

चार दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों ने जिप लाइन, जायंट स्विंग, रोप ब्रिज, मंकी ब्रिज, टायर वॉल क्लाइंबिंग जैसी साहसिक गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों ने न केवल अपने आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को निखारा बल्कि प्राकृतिक वातावरण में विभिन्न वनस्पतियों का अध्ययन भी किया।

प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ की प्राचीन राजधानी सिरपुर (श्रीपुर) के ऐतिहासिक धरोहर स्थलों — लक्ष्मण मंदिर, गंधेश्वर मंदिर और सुरंग टीला का अवलोकन करने का अवसर भी मिला।

सक्ती जिले से रोवर लीडर शिव प्रताप साहू (सेजेस जैजैपुर) एवं गाइड कैप्टन दुर्गेश्वरी सिदार (चंद्रहासिनी विद्यापीठ, चंद्रपुर) ने जिला प्रभारी का दायित्व संभाला।

जिला मुख्य आयुक्त अंकित अग्रवाल एवं जिला आयुक्त कुमुदिनी बाघ द्विवेदी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button