सक्ती जिलासक्ती नगर

चार सूत्रीय मांगों को लेकर संभागभर के सहकारी कर्मचारी लामबंद — बिलासपुर में अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी

03 नवंबर से कोन्हेर गार्डन नेहरू चौक में धरना, आठ जिलों के कर्मचारी एकजुट — शासन की उपेक्षा पर जताया आक्रोश

बिलासपुर। सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ रायपुर (पंजीयन क्रमांक 6685) एवं समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर महासंघ रायपुर के संयुक्त आह्वान पर बिलासपुर संभाग के आठ जिलों के सहकारी समिति कर्मचारी 3 नवंबर से बिलासपुर के कोन्हेर गार्डन, नेहरू चौक में अनिश्चितकालीन आंदोलन पर डटे हुए हैं।
कर्मचारियों ने ऐलान किया है कि जब तक उनकी चार सूत्रीय प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलन से पहले 24 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में ज्ञापन रैली, और 28 अक्टूबर को संभाग स्तर पर “महा हुंकार रैली” आयोजित की गई थी, जिसमें हजारों कर्मचारियों ने एकजुटता का परिचय दिया।

शासन की उपेक्षा से कर्मचारियों में आक्रोश

धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से सहकारी कर्मचारियों की उपेक्षा हो रही है। शासन द्वारा बार-बार लिखित आश्वासन दिए जाने के बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी धान खरीदी बहिष्कार में बदला जाएगा।

सक्ति जिले के जिलाध्यक्ष एकलव्य चंद्रा ने कहा —

> “शासन चाहे तो हमारी जगह किसी और से समान कमीशन दर पर धान खरीदी करवा ले, तब उसे पता चल जाएगा कि सहकारी समिति कर्मचारी कितनी मेहनत से काम करते हैं।”

चार सूत्रीय प्रमुख मांगें

1. धान खरीदी वर्ष 2023–24 एवं 2024–25 की संपूर्ण सुखत राशि समितियों को प्रदान की जाए तथा शून्य शॉर्टेज प्रोत्साहन का प्रावधान किया जाए।

2. धान खरीदी नीति 2024–25 की कंडिका 11.3.3 में आउटसोर्सिंग द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर नियोजन को समाप्त कर विभागीय नियमितीकरण किया जाए।

3. प्रदेश की 2058 सहकारी समितियों के कर्मचारियों को वेतनमान देने हेतु प्रति समिति ₹3 लाख प्रबंधकीय अनुदान राशि दी जाए।

4. श्री कांडे समिति रिपोर्ट (सेवा नियम 2018 संशोधन) लागू कर भविष्य निधि, महंगाई भत्ता, ईएसआईसी सुविधा एवं भर्ती में प्राथमिकता दी जाए।

कर्मचारियों में जोश और एकता

धरना स्थल पर कर्मचारियों ने नारे लगाते हुए कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और एकजुटता के साथ चलाया जा रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि “हमारी लड़ाई केवल वेतन या सुविधा की नहीं, बल्कि सहकारी समितियों और किसानों के भविष्य की रक्षा की लड़ाई है।”

प्रदेश अध्यक्षों का आगमन आज

सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ रायपुर एवं समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर महासंघ रायपुर के प्रदेश अध्यक्ष आज बिलासपुर पहुँचेंगे, जो आंदोलनरत कर्मचारियों को संबोधित कर एकता, जोश और संघर्ष का संकल्प देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button