सांसद खेल महोत्सव जोन सारसकेला में खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन, कबड्डी प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र, कारापाली और सारसकेला टीमों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

सारसकेला। ग्रामीण क्षेत्र में खेल भावना और युवाओं के उत्साह को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित सांसद खेल महोत्सव जोन सारसकेला का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कबड्डी प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
इस जोन स्तरीय प्रतियोगिता में सारसकेला जोन अंतर्गत कुल 21 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। प्रतियोगिता में 15 से 21 वर्ष एवं 21 से 35 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने जोशपूर्ण भागीदारी निभाई। ग्रामीण अंचलों से आई टीमों और खिलाड़ियों के जोश ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा चंद्रप्रकाश खूंटे, जनपद सदस्य श्रीमती सोकिन बिहारी धीरहे, नोडल अधिकारी श्री बोधराम पटेल एवं सचिव संघ के अध्यक्ष श्री राजेश गवेल के करकमलों द्वारा किया गया। ग्रामवासियों एवं बच्चों की उपस्थिति लगभग 500 से अधिक रही, जिससे आयोजन स्थल पर मेले जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप कश्यप की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभा अपार है और ऐसे आयोजनों से उन्हें निखारने का अवसर मिलता है।
कबड्डी प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबले के बाद कर्रापाली टीम ने प्रथम स्थान और सारसकेला टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में सारसकेला टीम ने प्रथम स्थान एवं बड़े मुड़पार टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को सीईओ मालखरौदा श्री संदीप कश्यप द्वारा प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सारसकेला की सरपंच श्रीमती अमीषा सुनील बंजारे ने की। इस अवसर पर सारसकेला स्कूल के प्राचार्य श्री पी.एस. परिहार, आर.के. आजग्गले, उपाध्याय सर (तकनीकी सहायक), सुनील कुमार यादव, पीटी टीचर श्री हर्ष मनी राजपूत एवं एस.के. राठिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जोन के सभी सचिवों, सरपंचों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति ने आयोजन को सफल और यादगार बना दिया।
ग्रामवासियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है और युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता एवं अनुशासन की भावना विकसित होती है।
यह महोत्सव न केवल खेलों का उत्सव बना, बल्कि ग्रामीण युवाओं के आत्मविश्वास और सामूहिकता का सशक्त प्रतीक भी साबित हुआ।




