एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

सक्ती। जिला सक्ति में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का आज तीसरा दिन रहा। बुधवार को हड़तालरत कर्मचारी रैली निकालते हुए भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुँचे और अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल को ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों की नाराज़गी
एनएचएम कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें नियमितीकरण और स्थाई नौकरी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जायज़ मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
स्वास्थ्य सेवाएं ठप
लगातार हड़ताल के कारण जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। ओपीडी सेवाएं ठप पड़ी हैं, ग्रामीण स्वास्थ्य उपकेंद्रों में दवाइयाँ और उपचार के अभाव में मरीज परेशान हैं। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों की प्रमुख माँगें
कर्मचारियों ने सरकार से संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, पुरानी पेंशन योजना का लाभ, समय-समय पर वेतनमान वृद्धि, कार्यस्थल पर सुरक्षा और सुविधाएं, मातृत्व एवं पितृत्व अवकाश, पदोन्नति और कैरियर ग्रोथ, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, लंबित वेतन व भत्तों का शीघ्र भुगतान तथा विभागीय तबादलों में पारदर्शिता जैसी मांगें रखी हैं। एनएचएम कर्मचारियों ने साफ कहा है कि यदि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं करती तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। इससे स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावित होंगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।




