बसंतपुर प्राथमिक शाला में नशे में धुत शिक्षक! पंचायत पदाधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों की पढ़ाई से खिलवाड़ उजागर

अरुण निराला संवाददाता -सक्ती। विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बसंतपुर में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों द्वारा 7 अक्टूबर, मंगलवार को शासकीय प्राथमिक शाला बसंतपुर में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान पदस्थ शिक्षक राजेश कुमार कुर्रे को शराब के नशे में धुत पाया गया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों और पंचायत पदाधिकारियों ने जब शिक्षक से पूछताछ की, तो उन्होंने स्वयं स्वीकार किया कि उन्होंने शराब का सेवन किया है। इस दौरान प्रधान पाठक दामोदर देवांगन ने भी पुष्टि की कि शिक्षक राजेश कुर्रे आज नशे की हालत में विद्यालय पहुंचे थे। उन्होंने यह भी बताया कि यह पहली बार नहीं, बल्कि कुछ दिन पहले भी शिक्षक नशे में स्कूल आए थे।
पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, विद्यालय का समय सुबह 10 बजे से शुरू होता है, लेकिन दोपहर 1 बजे तक उपस्थिति पंजी में बच्चों की उपस्थिति तक दर्ज नहीं की गई थी। जब पंचायत पदाधिकारी कक्षा में पहुंचे, तो वहां एक भी शिक्षक बच्चों को पढ़ाते नहीं मिला।
कक्षा पाँचवीं के बच्चों से पूछताछ करने पर चौंकाने वाली बातें सामने आईं —
बच्चों ने बताया कि शिक्षक आज सुबह से नशे में थे और किसी भी कक्षा में पढ़ाने नहीं आए। जब पंचायत प्रतिनिधियों ने बच्चों की कॉपियाँ देखीं, तो पाया कि पिछले चार महीनों से स्कूल प्रारंभ होने के बावजूद बच्चों की कॉपियाँ अब तक एक बार भी चेक नहीं की गई थीं।
औचक निरीक्षण में उपस्थित ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों — गिरजा शंकर देवांगन, नीरू पटेल, दिल कुमार चौहान, अनिल कुमार पटेल, संतोष पटेल, एवं कन्हैयालाल दुबे — ने इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से शिक्षक राजेश कुमार कुर्रे के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की मांग की है।





