पिल्ले को लेकर शुरू हुआ विवाद बना खून-खराबा: गले पर ब्लेड से वार, युवक अस्पताल में भर्ती

सक्ती/कुम्हारीकला। एक छोटे से कुत्ते के बच्चे को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। ग्राम कुम्हारीकला वार्ड 03 में दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि आरोपी ने युवक के गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। घायल को गंभीर हालत में चांपा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुम्हारीकला निवासी पीड़ित, जो मोटरसाइकिल मरम्मत का काम करता है, ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 की दोपहर उसका भाई रोशनलाल यादव और गांव का ओमप्रकाश साहू चांपा गए थे। वहां से लौटते समय दोनों एक कुत्ते का पिल्ला अपने साथ ले आए।
“कौन रखेगा पिल्ला” पर शुरू हुआ झगड़ा
घर लौटने के बाद दोनों के बीच इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई कि पिल्ला किसके पास रहेगा। रोशनलाल यादव ने पिल्ले को अपने घर में रख लिया और कुछ देर बाद दुकान के लिए निकल गया। इसी दौरान ओमप्रकाश साहू घर पहुंचा और पिल्ले को अपने साथ ले गया।
शाम को बढ़ा विवाद, गाली-गलौज के बाद हमला
शाम करीब 7 बजे ग्राम के शहीद चौक पर दोनों का आमना-सामना हुआ। यहां फिर से पिल्ले को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ओमप्रकाश साहू ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे ब्लेड से रोशनलाल यादव के गले पर वार कर दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में रोशनलाल यादव के गले में चोट आई, जिसके बाद परिजनों द्वारा उसे तत्काल चांपा के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने देखी घटना
घटना को गांव के संजय बरेठ और देव बरेठ ने देखा, जिन्होंने बाद में पूरे मामले की जानकारी दी।
कार्रवाई की मांग, जांच शुरू
पीड़ित पक्ष ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।




