“खेतों से खाकी तक: किसान पुत्र सुरेंद्र बंधन बने सब इंस्पेक्टर, गांव ओड़ेकेरा में हर्षोल्लास”

सक्ती/जैजैपुर/ओड़ेकेरा।
सक्ती जिले के ग्राम पंचायत ओड़ेकेरा के सुरेंद्र बंधन ने अपने कठिन संघर्ष और अथक परिश्रम से सब इंस्पेक्टर बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है। किसान परिवार में जन्मे सुरेंद्र का बचपन विषम परिस्थितियों में बीता। पढ़ाई की पर्याप्त सुविधा न होने और आर्थिक स्थिति कमजोर रहने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। दिन में खेतों में काम करते और रात को दीपक की रोशनी में पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार करने में जुटे रहे।
सुरेंद्र बंधन सतनामी समाज से आते हैं और उनका यह संघर्षपूर्ण सफर समाज और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। सब इंस्पेक्टर बनने के बाद जब वह पहली बार अपने गांव पहुंचे तो ग्रामवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुष्प मालाओं, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उन्हें सम्मानित किया। यह पल पूरे ओड़ेकेरा गांव और उनके परिवार के लिए गर्व से भरा हुआ क्षण था।
सुरेंद्र के पिता श्री वोटलाल बंधन व बड़े भाई नरेंद्र बंधन खेती-किसानी करते हैं, वहीं उनके एक बड़े भाई भारतीय सेना में देश की सेवा कर रहे हैं। ऐसे परिवार से आने वाले सुरेंद्र ने यह साबित कर दिया कि यदि मेहनत और लगन हो तो किसी भी कठिनाई के बावजूद मंजिल हासिल की जा सकती है।
सुरेंद्र बंधन का संघर्ष और सफलता गांव के युवाओं के लिए नई प्रेरणा है। उनके इस ऐतिहासिक उपलब्धि से ओड़ेकेरा गांव आज गर्व से सर ऊंचा कर रहा है।




