रायपुरा धान खरीदी केंद्र में व्यवस्थित और सुचारू खरीदी हेतु सभी तैयारियाँ पूर्ण

सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशों के तहत जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में सुव्यवस्था सुनिश्चित करने प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में धान खरीदी केंद्र रायपुरा में खरीदी से जुड़ी हर व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रशासन का दावा है कि किसानों को इस वर्ष किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और पूरी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाएगा। केंद्र का निरीक्षण कर श्रेणीवार सभी तैयारियों का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तौलाई मशीन, स्टॉक पंजी, किसानों के बैठने की सुविधा, पीने के पानी की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बारदाने की उपलब्धता और परिवहन व्यवस्था सहित हर बिंदु पर ध्यान दिया गया।
शाखा प्रबंधक शैलेन्द्र तिवारी ने बताया कि किसानों को खरीदी के समय किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा— “धान खरीदी केंद्र में किसान समय पर तौलाई करा सकेंगे, बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता रखी गई है, भुगतान प्रक्रिया को भी दुरुस्त किया गया है। किसानों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है।” किसानों को जानकारी दी है कि तिथि वार निर्धारित समय में टोकन के माध्यम से अपनी राशि प्राप्त करने के लिए बैंक आएं।
आरईएस के एसडीओ सुमित राजपूत ने भी तैयारियों की समीक्षा की। संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित भंडारण और परिवहन को लेकर तैयारी कर ली गई है। कलेक्टर अमृत विकास टोपनो द्वारा जारी निर्देशों में खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसान बिना किसी परेशानी अपनी उपज बेच सकें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। धान खरीदी केंद्र रायपुरा में की गई हर तैयारी का उद्देश्य यही है कि किसान सम्मानपूर्वक अपनी उपज बेच सकें और खरीदी कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, प्राधिकृत अधिकारी सरिता साहू, सचिव लक्ष्मण दास महंत मौजूद रहे।




