सक्ती जिला

अवैध शस्त्र बिक्री पर सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अमेज़न इंडिया को नोटिस

सक्ती। जिला सक्ती पुलिस ने अवैध शस्त्रों की बिक्री को लेकर ई-कॉमर्स कंपनी अमेज़न इंडिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किया है। थाना मलखरोदा क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 177/25 के तहत पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा था, जिसके पास से प्रतिबंधित बटन चाकू बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि उक्त चाकू अमेज़न ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म से खरीदा गया था।

पुलिस अधीक्षक सक्ती ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अमेज़न इंडिया को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है कि क्यों उनके प्लेटफ़ॉर्म को इस अपराध में सहभागी न माना जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शस्त्र अधिनियम, 1959 की धारा 5 और 20 के तहत इस तरह के शस्त्रों की बिक्री, परिवहन और वितरण पूर्णतः प्रतिबंधित है।

एसपी ने बताया कि अमेज़न को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में सक्ती जिला ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा में किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित शस्त्र, जैसे बटन चाकू या अन्य आक्रामक हथियारों की बिक्री और डिलीवरी नहीं की जाए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म्स की जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने माध्यम से होने वाली बिक्री पर कड़ी निगरानी रखें और कानूनन प्रतिबंधित वस्तुओं की आपूर्ति को तुरंत रोका जाए।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि अमेज़न द्वारा तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और प्रतिबंधित शस्त्रों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित नहीं की गई, तो कंपनी और उससे जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई केवल नोटिस तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि नियमानुसार आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जा सकता है।

गौरतलब है कि ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री के मामले देशभर में लगातार सामने आ रहे हैं। कई बार युवाओं द्वारा अमेज़न और अन्य ई-कॉमर्स साइट्स से आक्रामक चाकू, एयर गन और अन्य हथियार खरीदने के मामले उजागर हुए हैं। पुलिस का मानना है कि ऐसे हथियार अपराध को बढ़ावा देते हैं और जन सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करते हैं।

सक्ती पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर जिले में चर्चा है और लोगों ने इसे सराहनीय कदम बताया है। आमजन का मानना है कि यदि ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म्स पर सख्ती नहीं हुई तो अपराधियों के लिए हथियार हासिल करना और आसान हो जाएगा। वहीं पुलिस विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

—————–

“सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म्स की जिम्मेदारी है कि वे प्रतिबंधित हथियारों की बिक्री को रोकें। अमेज़न से कहा गया है कि तीन दिन के भीतर जवाब दें और यह सुनिश्चित करें कि भविष्य में छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा में किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित शस्त्रों की बिक्री व डिलीवरी न हो। अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

अंकिता शर्मा

एसपी, सक्ती

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button