प्रतिदिन 50 हजार नगद दे रहे किसानों को, रोजाना 30 किसानों के खाते में 60 लाख की रकम भी डाली जा रही

- पैसे निकालने सुबह से लग रही लाइन, टोकन बांटकर भीड़ को नियंत्रित कर रहे बैंककर्मी
सक्ती- जिले में धान खरीदी का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिला सहकारी बैंकों में भुगतान लेने पहुंचने वाले किसानों की खासी भीड़ उमड़ रही है। व्यवस्था बना कर प्रतिदिन किसानों को 25 से 50 हजार तक की राशि का भुगतान किया जा रहा है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सक्ती शाखा के ब्रांच मैनेजर शैलेन्द्र तिवारी ने बताया कि विगत 60 दिनों में लगभग 42 करोड़ का भुगतान 19 समितियों के किसानों को किया जा चुका है। किसानों को औसतन एक दिन 50 हजार के भुगतान की व्यवस्था है। कैश की कमी नहीं है जरूरतमंद लोगों को अधिक भुगतान भी किया जा रहा है। किसानों की सुविधा की दृष्टि से आरटीजीएस और नेफ्ट के जरिए भी भुगतान किया जा रहा है। प्रतिदिन 30 किसानों के खाते में 60 लाख का भुगतान खाते में स्थानांतरित किया जा रहा है। सक्ती शाखा में समितिवार किसानों को अलग अलग दिन भुगतान की व्यवस्था की गई है। सुबह से लगने वाली किसानों की लाइन और विवाद की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए टोकन की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। ताकि क्रमानुसार भुगतान किया जा सके।
विदित हो कि अभी तक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सक्ती शाखा के अंतर्गत 19 समिति के लगभग 18 हजार किसान लाभान्वित हुए हैं। कुल 9 लाख 78 हजार 828 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। जिनका भुगतान लगातार सुचारू व्यवस्था बनाकर किया जा रहा है। किसानों से ऋण वसूली भी की जा रही है।




