सक्ती जिलासक्ती नगर

एपीएल सक्ती: रोमांच अपने चरम पर, मैच देखने उमड़ रहा जनसैलाब, 108 बालाजी लाइव इलेवन ने कुम्हली-11 व अभय-11 को हराकर फाइनल में बनाई जगह

सक्ती में खेल के क्षेत्र में लिखा जा रहा नया इतिहास

सक्ती। अटल प्रीमियर लीग (APL) क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन के साथ ही सक्ती जिले में खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है और हर मुकाबले के साथ दर्शकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मैच देखने मैदान में जनसैलाब उमड़ रहा है, जिससे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल निर्मित हो गया है। प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 108 बालाजी टीम ने छत्तीसगढ़ की टॉप मोस्ट और मजबूत मानी जाने वाली टीम कुम्हली-11 को कड़े मुकाबले में पराजित करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। इसके बाद खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भी 108 बालाजी टीम ने अपनी लय बरकरार रखते हुए अभय-11 को हराकर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों का उत्साह लगातार बना रहा।

दर्शकों का उत्साह देखने लायक – 

क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल दोनों ही मुकाबले अत्यंत रोमांचक रहे। हर चौके-छक्के और विकेट पर दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के खेल प्रेमी मैच का आनंद लेने मैदान पहुंचे, जिससे एपीएल की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस संबंध में आयोजन समिति के सदस्य चिराग अग्रवाल ने कहा कि

“सक्ती में खेल के क्षेत्र में नया इतिहास लिखा जा रहा है। एपीएल प्रतियोगिता ने क्षेत्रीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच दिया है और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। जिस तरह का उत्साह दर्शकों में देखने को मिल रहा है, वह इस आयोजन की सफलता को दर्शाता है।”

फाइनल में दिखेगा कड़ा मुकाबला : अभिषेक शर्मा

वहीं आयोजन समिति के अभिषेक शर्मा ने बताया कि जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मुकाबले और अधिक कड़े व प्रतिस्पर्धात्मक होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दर्शकों की भारी भीड़ यह साबित करती है कि एपीएल अब केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सक्ती जिले का एक बड़ा खेल उत्सव बन चुका है। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि 5 जनवरी को प्रतियोगिता में विराम दिया गया है, ताकि खिलाड़ी फाइनल मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। वहीं 6 जनवरी को एपीएल का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसे लेकर पूरे जिले में खासा उत्साह और चर्चा का माहौल बना हुआ है। कुल मिलाकर देखा जाए तो अटल प्रीमियर लीग ने सक्ती जिले में न केवल क्रिकेट को नई पहचान दी है, बल्कि खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। फाइनल मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों की निगाहें अब 6 जनवरी पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button