सक्ती में जिला एथलेटिक्स संघ की अस्मिता लीग सम्पन्न — बालिकाओं ने दिखाया दमखम

– राज्य स्तर का मिलेगा अवसर
सक्ती। जिला एथलेटिक्स संघ द्वारा आयोजित अस्मिता लीग में सक्ती सहित आसपास क्षेत्रों की बालिकाओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपने कौशल और प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। गोला फेंक, दौड़, लंबीकूद सहित कई स्पर्धाओं में बालिकाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और उन्हें राज्य स्तर के लिए तैयार करना था। यहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में ज़िले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय अनिल दरयानी की स्मृति में किया गया। खेल क्षेत्र में उनके योगदान और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की भावना को याद करते हुए अतिथियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन में दरयानी परिवार की उपस्थिति विशेष रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव , नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने बालिका खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आज की बेटी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है और खेल के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथि के रूप में— अंकित दरयानी, सुनील दरयानी, सुमित शर्मा, मनीष कथूरिया, अमर सिंह राज उपस्थित रहे। सभी ने बालिकाओं को लगातार अभ्यास और खेल भावना बनाए रखने की प्रेरणा दी।
विभिन्न स्पर्धाओं में दिखा जोश –
अस्मिता लीग में आयोजित प्रमुख स्पर्धाएँ— गोला फेंक, दौड़ (100, 200, 400 मीटर), लंबीकूद व अन्य एथलेटिक्स प्रतियोगिताएँ, बालिका खिलाड़ियों ने अपनी गति, संतुलन और ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान अभिभावकों और खेलप्रेमियों की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साह और अधिक बढ़ाया।
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान –
जिला एथलेटिक्स संघ ने नेशनल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मान दिया गया, जिससे माहौल तालियों से गूंज उठा। जिलाध्यक्ष एनपी गोपाल ने संभाला मंच संचालन। कार्यक्रम का संचालन एनपी गोपाल ने किया। उन्होंने जिला एथलेटिक्स संघ की गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बालिकाओं को खेल के प्रति निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
खेल को बढ़ावा देने प्रतिबद्ध जिला संघ –
जिला एथलेटिक्स संघ ने कहा कि भविष्य में भी बालिकाओं को मंच प्रदान करने और ग्रामीण प्रतिभाओं को ऊपर लाने के लिए ऐसी प्रतियोगिताएँ नियमित रूप से आयोजित की जाएँगी। संघ का लक्ष्य है कि सक्ती की बालिकाएँ राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करें। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों — एन.एस. उद्धे, रामकुमार कांत, निशा साहू, अनिता गोपाल, विभा यादव, मोहनलाल यादव, पुष्पा यादव, धनेश राम पटेल, रथराम पटेल, रामनारायण धीवर, सूरज चौहान, नरेंद्र वैष्णव — का विशेष योगदान रहा। विद्यालयों का सहयोग रहा जिसमें जे.बी.डी.ए.वी. हायर सेकेंडरी स्कूल एवं कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक कालेश्वरी साहू, पीटीआई फुलेश्वरी पटेल, कामदेव जगत, भावना सोन, पूर्णिमा कसेर, नजमा खान का सराहनीय सहयोग रहा। नगरपालिका उपाध्यक्ष भारत यादव, पार्षद वार्ड क्रमांक 15 रिक्की सेवक, अध्यक्ष यादव समाज सक्ती संतोष यादव भी कार्यक्रम में सहभागी रहे।




