नए साल से पहले आबकारी विभाग की साल की सबसे बड़ी कार्रवाई, ग्राम जुड़गा में अवैध महुआ शराब फैक्ट्री ध्वस्त, 115 लीटर शराब व 500 किलो लाहन जब्त

सक्ती। नव वर्ष एवं आगामी छेरछेरा त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर जिला सक्ती के मार्गदर्शन एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी सक्ती के निर्देश पर अवैध महुआ शराब निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में 31 दिसंबर 2025 को आबकारी वृत्त सक्ती की संयुक्त टीम द्वारा वर्ष 2025 की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि नव वर्ष के अवसर पर ग्राम जुड़गा में नाले के किनारे अवैध रूप से महुआ शराब बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही है। सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए टीम का गठन कर सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में आबकारी टीम ने नाला किनारे दबिश दी। टीम को देख मौके से कुछ संदिग्ध व्यक्ति फरार हो गए।
दबिश के दौरान मौके से महुआ शराब बनाने की 5 चढ़ी हुई भट्टियां बरामद की गईं, जिनमें शराब निर्माण की प्रक्रिया चल रही थी। इसके साथ ही आसपास की झाड़ियों में छुपाकर रखी गई लगभग 115 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। वहीं महुआ शराब निर्माण में प्रयुक्त 20 बोरियों में भरा लगभग 500 किलोग्राम महुआ लाहन मौके पर सैंपल लेकर नियमानुसार नष्ट किया गया। बताया गया कि इस लाहन से सैकड़ों लीटर अवैध महुआ शराब तैयार की जानी थी। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही कार्रवाई के चलते अब अवैध शराब निर्माता अपने घरों में शराब निर्माण करने से बच रहे हैं और दूर-दराज के नाला व जंगल क्षेत्रों का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन विभाग की सतत निगरानी एवं कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के साथ आबकारी उपनिरीक्षक कोमल सिदार, घनश्याम प्रधान, मुख्य आरक्षक आबकारी रघुनाथ पैकरा, विष्णु कौशिक, परसराम, कमलेश, बसंती चौधरी, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव सहित ग्राम पंचायत जुड़गा के सरपंच, पंचगण, कोटवार एवं ग्रामवासियों का सहयोग सराहनीय रहा।




