महिला समूह के सहयोग से असौंदा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई — 20 लीटर महुआ शराब और 200 किलो लाहन जब्त

अरुण निराला संवाददाता सक्ती। आबकारी वृत्त सक्ती के प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल की सक्रियता से लगातार अवैध शराब कारोबारियों पर नकेल कसी जा रही है। इसी कड़ी में 14 अक्टूबर को आबकारी वृत्त सक्ती की टीम ने ग्राम असौंदा में कार्रवाई करते हुए 20 लीटर महुआ शराब एवं 200 किलो महुआ लाहन जब्त किया।
इस दौरान सुमति उरांव पति हरिचंद उरांव, सोनी उरांव पति परदेशी उरांव (दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 7 असौंदा), तथा गोवर्धन जायसवाल पिता भोंदू राम निवासी उपकाचुंआ को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
कार्रवाई में ग्राम असौंदा के महिला समूह ‘मेबी’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक आर. रघुनाथ पैकरा, स्टाफ परस राम, भारती यादव, वाहन चालक कमलेश यादव एवं नगर सैनिक शामिल रहे।
—
महिला समूह ने दी थी चेतावनी — नहीं माने तो हुई कार्रवाई
आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल ने बताया कि ग्राम असौंदा के महिला समूह ने पूर्व में गांव में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों को चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा महुआ शराब का निर्माण और विक्रय जारी था, जिससे गांव में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ रही थी और माहौल बिगड़ रहा था।
महिला समूह द्वारा सूचना देने पर आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया।
सुमति उरांव से 8 लीटर,
सोनी उरांव से 6 लीटर,
अनिता उरांव पति साहेब लाल से 2 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
इनमें दो के खिलाफ धारा 34(2) और एक के खिलाफ धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके अलावा शासकीय भूमि पर रखे 10 डिब्बों में भरे लगभग 200 किलो लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया।




