व्यापारियों का बड़ा फैसला : अब हर सोमवार रहेगा सक्ती शहर में पूर्णतः व्यापारिक अवकाश

सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती के व्यापारिक जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर के सभी छोटे-बड़े व्यापारी संगठनों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अब हर सोमवार को पूरा सक्ती शहर पूर्ण रूप से बंद रहेगा। यह निर्णय छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज इकाई सक्ती की बैठक में लिया गया, जो 27 अक्टूबर को स्थानीय हटरी धर्मशाला सक्ती में आयोजित की गई थी।
बैठक में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सप्ताह में एक दिन अवकाश रखे जाने के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति जताते हुए अपने स्थान पर खड़े होकर करतल ध्वनि के साथ समर्थन दिया। इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से सभी व्यापारिक संगठनों का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में मंच पर प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, चेंबर ऑफ कॉमर्स सक्ती इकाई अध्यक्ष मुकेश बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकरलाल अग्रवाल, प्रदेश मंत्री दिनेश शर्मा (अन्नपूर्णा बाराद्वार), मनीष कथूरिया, गल्ला किराना व्यापारी संघ अध्यक्ष सुनील बंसल, पेट्रोल पंप व्यवसायी संघ के आनंद अग्रवाल, राइस मिल एसोसिएशन अध्यक्ष रवि जिंदल (बंटी), सराफा संगठन के जिला अध्यक्ष राजेश सराफ, तथा छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन सक्ती के जिला अध्यक्ष रमेशचंद्र अग्रवाल उपस्थित रहे।
अपने स्वागत उद्बोधन में चेंबर अध्यक्ष मुकेश बंसल ने बताया कि संगठन लगातार व्यापारियों के हितों के लिए काम कर रहा है। पिछली बैठक में आए प्रस्ताव पर आज सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि हर सोमवार को सभी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने कहा कि चेंबर की यह पहल सराहनीय है। वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में सप्ताह में एक दिन अवकाश रखकर व्यापारी अपने परिवार को समय दे सकेंगे। उन्होंने कहा, “यदि दो सप्ताह तक यह निर्णय पूर्ण रूप से लागू होता है तो तीसरे सोमवार को मैं स्वयं सभी व्यापारियों को वन भोज में आमंत्रित करूंगा।”
बैठक में गल्ला व्यापारी संघ, दवाई विक्रेता संघ, सराफा एसोसिएशन, राइस मिल एसोसिएशन, मोबाइल विक्रेता संघ, कीटनाशक दवा विक्रेता संघ, होटल व्यवसायी संघ, कपड़ा व्यवसायी संघ, टू-व्हीलर एवं फोर-व्हीलर ऑटो पार्ट्स संघ, वेजिटेबल मर्चेंट संघ सहित अनेक संगठनों ने भी अपनी सहमति प्रदान की।
चेंबर अध्यक्ष मुकेश बंसल ने बताया कि निर्णय का विस्तृत प्रचार-प्रसार शहर सहित आसपास के 10 किलोमीटर के ग्रामीण क्षेत्रों में भी किया जाएगा। साथ ही सभी दुकानों में “सोमवार को पूर्ण बंद” के स्टीकर लगाए जाएंगे और लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
बैठक के अंत में चेंबर सचिव पवन सराफ ने उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके पश्चात सभी के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की सफलता में चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज सक्ती इकाई के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।





