सक्ती जिला

नए बारदानों की कमी से कहीं प्रभावित न हो जाए धान खरीदी

0 प्रभारियों ने जताई चिंता कहा- जितने बारदाने मिले एक दिन में ही हो जाएंगे खत्म

0 अधिकारियों का दावा आने वाले दिनों में सुधर जाएगी व्यवस्था

सक्ती- धान उपार्जन केंद्रों में बारदानों की कमी के कारण खरीदी प्रभावित होने की संभावना नजर आ रही है। पुराने बारदानों से खरीदी की सीमा पूर्ण हो चुकी है। अब अधिकांश बड़े केंद्रों में नए बारदानों की अधिक आवश्यकता है। ऐसे में नए बारदाने के लिए केंद्र प्रभारियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। धान उपार्जन केंद्र नगरदा तथा किरारी के प्रभारियों ने बताया कि 50-50 प्रतिशत नए तथा पुराने बारदानों से खरीदी का कार्य किया जाना है। पुराने बारदानों से खरीदी पूर्ण हो चुकी है। बड़े केंद्र होने के कारण अब नए बारदानों की सप्लाई जितनी होनी चाहिए उतनी नहीं हो पा रही है। जिस कारण आगामी दिनों में खरीदी प्रभावित हो सकती है। उपार्जन केंद्र नगरदा के प्रभारी पुरूषोत्तम राठौर एवं किरारी केंद्र के प्रभारी नारेन्द्र राठौर ने बताया कि नए बारदानों की नितांत आवश्यकता है।

image search 1672663456130 kshititech
बड़े केंद्र होने के कारण अब नए बारदानों की सप्लाई जितनी होनी चाहिए उतनी नहीं हो पा रही है

जितने बारदानों की आवश्यकता है उतने बारदाने नहीं मिल रहे हैं। जिस कारण आने वाले दिनों धान खरीदी करना मुश्किल हो सकता है। वहीं अधिकारियों को मानना है कि बारदाने दिए जा रहे हैं। कमी जरूर है वह भी आगामी दिनों में सही हो जाएगा। जिला विपणन अधिकारी हीना खान ने बताया कि बारदानों की इतनी भी कमी नहीं है कि धान की खरीदी प्रभावित हो जाएगी। वहीं खरीदी केंद्र के प्रभारी लगातार मांग कर रहे हैं कि उन्हें बारदानों की सप्लाई में तेजी लाई जाए ताकि धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से चल सके।
—————————————————
बारदानों की सप्लाई की जा रही है। बारदानों को लेकर कोई समस्या नहीं है। जिले में थोड़ी कमी जरूर है वह भी आने वाले दिनों में ठीक हो जाएगी। धान खरीदी को लेकर कोई परेशानी नहीं होगी। जितना बारदाना भेजते बन रहा है उतना भेजा जा रहा है। नगरदा एवं किरारी में भी बारदाने गए हैं।

हीना खान
जिला विपणन अधिकारी
जिला-सक्ती
———————————————
बड़े केंद्रों में धान खरीदी के लिए नए बारदानों की अधिक जरूरत है। इसके लिए अधिकारियों ने लगातार मांग की जा रही है कि इसकी पर्याप्त सप्लाई हो ताकि धान खरीदी प्रभावित न हो। लेकिन मांग के अनुरूप हमें बारदानें नहीं मिल रहे हैं। जितने बारदाने मिले हैं वह एक दिन में समाप्त हो जाएंगे।

पुरूषोत्तम राठौर
खरीदी प्रभारी, धान उपार्जन केंद्र, नगरदा
———————————————