ब्लू बेल इंग्लिश मीडियम स्कूल का छठवां वार्षिकोत्सव ‘प्रतिबिंब-6’ धूमधाम से संपन्न

एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने सड़क सुरक्षा का दिया संदेश, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सक्ती | सक्ती नगर के हृदय स्थल स्थित ब्लू बेल इंग्लिश मीडियम स्कूल में रविवार 11 जनवरी को छठवां वार्षिकोत्सव “प्रतिबिंब-6” अत्यंत भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) प्रफुल्ल कुमार ठाकुर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर के प्रथम नागरिक श्याम सुंदर अग्रवाल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता दिगंबर प्रसाद चौबे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल समिति की अध्यक्ष श्रीमती चंद्रिका जायसवाल ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना की सुंदर प्रस्तुति दी गई। अतिथियों का स्वागत स्कूल डायरेक्टर सुश्री अलका जायसवाल, प्रिंसिपल श्रीमती नीलम जायसवाल एवं स्कूल प्रबंधन द्वारा पुष्पगुच्छ, साल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

स्वागत उद्बोधन में स्कूल डायरेक्टर सुश्री अलका जायसवाल ने विद्यालय की स्थापना से अब तक की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए पालकों के विश्वास और सहयोग को स्कूल की सबसे बड़ी ताकत बताया।


वरिष्ठ अधिवक्ता दिगंबर प्रसाद चौबे ने स्कूल की बढ़ती लोकप्रियता की सराहना की।
नगर अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि स्थापना से लेकर अब तक उन्हें विद्यालय के हर आयोजन में आमंत्रित किया गया, जो उनके स्कूल के प्रति विशेष लगाव को दर्शाता है। उन्होंने हास्यपूर्ण अंदाज में कहा कि “छोटे-छोटे बच्चों को डांस सिखाना तराजू में मेंढकों को तौलने जैसा है,” इसके बावजूद बच्चों को बहुत सुंदर प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने स्कूल परिवार को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि उनका सक्ती से पुराना नाता है और यहां से उनका भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने विद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए यह एक उत्कृष्ट संस्थान है।

साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए हेलमेट पहनने एवं कार में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता को उदाहरणों के माध्यम से समझाया और नागरिकों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। प्ले-क्लास के बच्चों द्वारा भजन आधारित नृत्य, नर्सरी कक्षा के बच्चों द्वारा पंजाबी गीत पर नृत्य एवं मोबाइल की लत पर आधारित संदेशात्मक प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। कक्षा पहली के बच्चों ने ओडिशा का संबलपुरी लोकनृत्य प्रस्तुत किया।
महाभारत थीम, भारतीय खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां, ऑपरेशन सिंदूर (भारतीय सेना की वीरता पर आधारित प्रस्तुति), राजस्थान-गुजरात के लोकनृत्य, अभिनेता धर्मेंद्र को समर्पित गीतमाला तथा अंत में छत्तीसगढ़ के त्योहारों पर आधारित लोकनृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।।
समारोह के अंत में विद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रिंसिपल श्रीमती नीलम जायसवाल ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाएं पिंकी देवांगन, खुशबू अग्रवाल, प्रिया शर्मा, उमा, जया, ईशा, किरण, दीपा, दीपिका, विनीता, माही, ममता, ताकिश्वरी सहित समस्त स्कूल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
मीडिया जगत से छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन के जिला अध्यक्ष रमेश चंद अग्रवाल, रामनारायण गौतम, बजरंग अग्रवाल (चिंटू) सहित पत्रकारगण उपस्थित रहे।




