सक्ती जिला

चंगाई सभा के नाम पर धर्म प्रचार का आरोप, सर्व हिंदू समाज ने जताई आपत्ति; पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

सक्ती। जिले के मालखरौदा बस्ती से एक विवादास्पद मामला सामने आया है, जहां सर्व हिंदू समाज ने थाना मालखरौदा में आवेदन देकर एक चंगाई सभा (प्रार्थना सभा) पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। आरोप लगाया गया है कि यह सभा बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित की जा रही थी और सभा के दौरान प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की जा रही थी।

सूत्रों के अनुसार, मालखरौदा बस्ती क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चंगाई सभा के नाम पर धार्मिक आयोजन किया जा रहा था, जिसमें बाहर से आए कुछ प्रचारक लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने वाले भाषण दे रहे थे। इस जानकारी के बाद स्थानीय सर्व हिंदू समाज के पदाधिकारियों और नागरिकों ने इसका विरोध करते हुए थाना मालखरौदा में लिखित आवेदन दिया।

शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत के नेतृत्व में पुलिस दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने आयोजकों से कार्यक्रम की अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे, जो प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर पुलिस ने तुरंत कार्यक्रम रोकने के निर्देश देते हुए आयोजकों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का धार्मिक या सामूहिक आयोजन नहीं किया जाए।

इस घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। सर्व हिंदू समाज ने आरोप लगाया है कि इस तरह के आयोजन समाज में धार्मिक असंतुलन और तनाव का कारण बन सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।


स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से आग्रह किया है कि बिना अनुमति धार्मिक सभाओं पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button