सक्ती जिला

कांग्रेस विधायक बालेश्वर  पर भ्रष्टाचार के बादल — भाजपा का हल्ला बोल, किया जोरदार प्रदर्शन और बालेश्वर का पुतला दहन

अरुण निराला संवाददाता – सक्ती/जैजैपुर।

जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू पर लगे धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के गंभीर आरोपों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण कांत चंद्रा ने विधायक पर किसानों की मेहनत की कमाई हड़पने का आरोप लगाया है। इस खुलासे के बाद जैजैपुर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला।

मंगलवार को सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

“किसानों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालना शर्मनाक” — पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चन्द्रा  का आरोप

जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों के फर्जी हस्ताक्षर, ब्लैंक चेक और बैंक दस्तावेजों का दुरुपयोग कर लाखों रुपए हड़पना न केवल गंभीर अपराध है, बल्कि यह किसानों के विश्वास पर गहरी चोट है।
आगे कहा कि “जो पार्टी किसानों के नाम पर राजनीति करती है, वही आज किसानों को आर्थिक रूप से तबाह करने में लगी है — यह अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है।”


विधायक की गिरफ्तारी और किसानों को मुआवजा देने की मांग

भाजपा कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार जैजैपुर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि विधायक बालेश्वर साहू की तत्काल गिरफ्तारी की जाए, ताकि वे अपने पद का दुरुपयोग कर साक्ष्यों से छेड़छाड़ न कर सकें।साथ ही पीड़ित किसानों को उनके नुकसान का पूरा मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग की गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गवेल ने चेतावनी दी कि जब तक किसानों को न्याय और भ्रष्टाचार में लिप्त व्यक्तियों को सजा नहीं मिलती, तब तक यह आंदोलन संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में जारी रहेगा।

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला

गौरतलब है कि जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ चांपा थाना में एक किसान ने शिकायत दर्ज कराई है।
किसान का आरोप है कि विधायक ने अपने सहयोगियों के साथ फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा लगवाकर तथा ब्लैंक चेक का दुरुपयोग करते हुए लगभग ₹43 लाख 78 हजार रुपए का गबन किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि (IPC) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

भाजपा का ऐलान — “भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी रहेगा संघर्ष

भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार और उसके जनप्रतिनिधि लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

भाजपा सक्ती जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गवेल ने कहा — “यह मामला सिर्फ एक किसान का नहीं, बल्कि हर उस किसान का है जो अपनी मेहनत की कमाई ईमानदारी से अर्जित करता है। भाजपा किसानों के हक की लड़ाई सड़कों से लेकर सदन तक लड़ेगी।”

जैजैपुर, डभरा और सक्ती क्षेत्र के कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन अब केवल विरोध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनजागरण अभियान के रूप में पूरे क्षेत्र में चलाया जाएगा ताकि जनता को हकीकत से अवगत कराया जा सके।



मुख्य बिंदु (Highlights):

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण कांत चंद्रा ने विधायक बालेश्वर साहू पर लगाए गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप

फर्जी हस्ताक्षर, ब्लैंक चेक और बैंक दस्तावेजों के माध्यम से ₹43.78 लाख का गबन करने का आरोप

जैजैपुर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन और जोरदार नारेबाजी

विधायक की तत्काल गिरफ्तारी और किसानों को मुआवजा देने की मांग

भाजपा ने कहा — किसानों के हक के लिए संघर्ष रहेगा जारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button