कल से बुधवारी बाज़ार में चलेगा डोजर, पहुँची मशीनें

– प्रशासन व पुलिस बल की तैयारी पूरी, 167 लोग होंगे प्रभावित
– कई दुकानें अभी भी नहीं हुई है ख़ाली
सक्ती– बेजा कब्जा हटाने का अभियान कल से चालू हो जायेगा। बुधवारी बाजार में 167 दुकानदार व रहने वाले लोग प्रभिवत होंगे। जिन्हे नोटिस मिली है वे अपने स्थान से सामान खाली करने में लगे हुए। अधिकांश दुकानदारों के समान अब भी दुकानों में है। तीन दिन की नोटिस के बाद भी दुकानदारों को उम्मीद थी कि बेजा कब्जा नहीं हटेगा लेकिन गुरुवार को देर शाम जब कई जेसीबी मशीनें बाजार ग्राउंड पहुंची तब दुकानों को खाली करने का दौर प्रारंभ हुआ। मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर सक्ती नुपुर राशि पन्ना के नेतृत्व में नगर पालिका के द्वारा शुक्रवार को सुबह 8 बजे से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाएगी।
प्रशासन द्वारा बुधवारी बाजार क्षेत्र में 3 दिन का नोटिस बांटा गया था जिसमें लिखा था कि 3 दिवस के अंदर अपनी अपनी दुकाने स्वयं हटाने में अन्यथा प्रशासन बलपूर्वक उसको हटाएगा और इनको तोड़फोड़ का व्यय भी दुकानदार द्वारा वसूल किया जाएगा। इसी तारतम्य में गुरुवार को बुधवारी बाजार में स्थित पसरे की तोड़फोड़ प्रारंभ कर दी गई है। नगर पालिका ने सांकेतिक तौर पर अपने कर्मचारियों से परसों से कब्जा हटवाना चालू कर दिया था। मुख्य मार्ग के कई दुकानदार अभी भी आशान्वित हैं कि उनकी दुकानें बच सकती है जबकि बुधवारी बाजार स्थित पंडित दीनदयाल स्टेडियम में 3 जेसीबी आकर खड़ी हो चुकी है। अधिकांश लोग अपने लगभग सभी सामानों को हटाना चालू कर चुके हैं। अभी भी कई दुकानदारों को यह विश्वास है की जैसे कुछ होगा ही नहीं। लेकिन प्रशासन ने जेसीबी मशीन मंगवाकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं।
दुकानदारों ने कहा – पहले करना था व्यवस्थापन, सैकड़ों हो जाएँगे बेरोज़गार
दुकानदारों में चर्चा है कि शासन प्रशासन को तोड़फोड़ करने से पहले लोगों के विस्थापन की व्यवस्था करनी चाहिए थी जो कि नहीं की गई है जिस वजह से लोगों में नाराजगी है। परंतु प्रशासन के सामने किसी भी प्रकार की जबरदस्ती नहीं चलती 10 वर्ष पूर्व की बातें अगर याद की जाए तब तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्तिकेय गोयल ने ऐसा ही कड़ा कदम उठाया था और तब से लेकर आज तक वहां से तोड़फोड़ हुए लोग व्यवस्थापन की बांट जोह रहे हैं परंतु उनके व्यवस्थापन की कोई व्यवस्था नहीं हुई है
——————–
तीन दिवस के भीतर बेजा क़ब्ज़ा हटाने की अंतिम नोटिस दे दी गयी थी। कल शुक्रवार सुबह से बेजा क़ब्ज़ा हटाने की कार्यवाही की जाएगी।
सौरभ तिवारी
सीएमओ, सक्ती
——–____




