सक्ती जिलासक्ती नगर

जिले में विकास कार्यों से पहले ही ‘श्रेय संग्राम’ शुरू — भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने, दोनों ने बताया अपना प्रयास

सक्ती। लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी विकास कार्यों की सूची ने मालखरौदा की राजनीति में नई हलचल मचा दी है। क्षेत्र में सड़कों और भवनों के निर्माण को लेकर जहां आम जनता उत्साहित है, वहीं भाजपा और कांग्रेस के नेता अब श्रेय लेने की होड़ में आमने-सामने आ गए हैं।

करीब 18 हजार 384 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 10 निर्माण कार्यों का भूमि पूजन और 1 कार्य का लोकार्पण प्रस्तावित है। इनमें धुरकोट–पेंडरवा–चंद्रपुर मार्ग (23.80 किमी), सक्ती–मालखरोदा–छपोरा मार्ग (29.00 किमी), पाली–फगुरम मार्ग (20.00 किमी), कवली–सरायपाली–धुरकोट–कोमो मार्ग (13.00 किमी) तथा मालखरोद मिशन चौक–चारपारा मार्ग (7.00 किमी) जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।

भाजपा का दावा — “हमारी मेहनत का नतीजा”

भाजपा नेताओं ने इन कार्यों को अपनी बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इन सभी योजनाओं की स्वीकृति उनके प्रयासों और लगातार की गई पैरवी का परिणाम है।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन को प्रस्ताव भेजे, जिनका अब साकार रूप सामने आ रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता सब जानती है कि किसके प्रयासों से यह स्वीकृतियां मिलीं।

कांग्रेस का पलटवार — “हमने डाली थी नींव, अब फल मिल रहा है”

वहीं कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि इन योजनाओं की फाइलें कांग्रेस शासनकाल में तैयार हुईं थीं और इन्हें स्वीकृति दिलाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार चाहे किसी की भी हो, मेहनत हमारी है, और यह विकास हमारे अथक परिश्रम का परिणाम है।

जनता बोली — “किसी का भी हो, काम होना चाहिए”

राजनीतिक जुबानी जंग के बीच जनता का नजरिया एकदम साफ है। लोगों का कहना है कि अब चाहे श्रेय किसी को भी मिले, क्षेत्र में सड़कें और भवन बनें, यही सबसे बड़ी जीत होगी। ग्रामीणों का मानना है कि इन सड़कों के निर्माण से मालखरौदा के दूरस्थ अंचलों को बेहतर संपर्क मिलेगा और व्यापार, शिक्षा व रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

कुल 11 विकास कार्यों की सूची

लोक निर्माण विभाग के अनुसार कुल 10 कार्यों का भूमि पूजन और 1 कार्य का लोकार्पण प्रस्तावित है। सबसे बड़ी परियोजना धुरकोट–पेडरवा–चंद्रपुर मार्ग की है जिसकी लागत 6361.84 लाख रुपए है। वहीं सक्ती–मालखरौदा–छपोरा मार्ग के मजबूतीकरण पर 5405.23 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
शिक्षा क्षेत्र में बेदराम शासकीय महाविद्यालय, मालखरौदा में अतिरिक्त भवन निर्माण (184.35 लाख रुपए) और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन, सक्ती (411.25 लाख रुपए) भी स्वीकृत हैं।

कुल मिलाकर, विकास कार्यों की घोषणा से पहले ही जिले में राजनीतिक तापमान चढ़ गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही ‘विकास की मालगाड़ी’ पर अपना इंजन बताने में जुट गए हैं, जबकि जनता चाहती है कि अब यह गाड़ी बिना रुके मंज़िल तक पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button