सक्ती में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न,
मेट्रो टॉकीज में अधिकारियों ने की परीक्षाओं व शैक्षणिक गुणवत्ता पर गहन चर्चा

सक्ति | 21 नवम्बर 2025
जिले में स्कूली शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं परिणाममुखी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मेट्रो टॉकीज सक्ती में शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय मॉनिटरिंग एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक शिक्षक संचालनालय, नया रायपुर के उपसंचालक हेमंत उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति में जिले के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा सत्र 2025-26 की तैयारी, परिणाम बेहतर बनाने की रणनीति और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे अधिकारियों, प्राचार्यों तथा संकुल प्रभारियों ने विद्यालयवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपसंचालक उपाध्याय ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि, कमजोर विषयों की पहचान, शिक्षकों की उपस्थिति, नियमित कक्षाओं के संचालन, यूनिट टेस्ट एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं के प्रभावी आयोजन पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि— “शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर विद्यालय में सीखने का माहौल बेहतर हो, विद्यार्थियों का प्रदर्शन निखरे और परीक्षाओं में जिले का परिणाम प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट हो— इसके लिए सभी मिलकर जिम्मेदारी निभाएँ।”
बैठक में बोर्ड परीक्षाओं के लिए समयबद्ध तैयारी, विद्यार्थियों की समस्या निवारण कक्षाएं, हाई-स्कूल व हायर सेकेंडरी में शत-प्रतिशत परिणाम लक्ष्य, तथा विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अंत में, विभागीय अधिकारियों ने शिक्षकों को छात्रों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करने तथा शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सशक्त बनाने की अपील की। बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।




