सक्ती जिला

सक्ति में विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का उत्साहपूर्ण शुभारंभ, परंपरागत खेलों में युवाओं का जोश चरम पर

सक्ति। जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत नंदेली भाठा मैदान में आज विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का हर्षोल्लासपूर्ण शुभारंभ हुआ। उद्घाटन दिवस पर आयोजित खो-खो, रस्सा-कशी, गिल्ली-डंडा और गेड़ी-दौड़ जैसे पारंपरिक एवं ऊर्जा से भरपूर खेलों में बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दर्शकों की भारी भीड़ ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए पूरे मैदान का माहौल रोमांच और उत्साह से भर दिया।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि टिकेश्वर गबेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में उपाध्यक्ष जनपद पंचायत सक्ती बंशीधर खांडे, सभापति सत्यप्रकाश महंत, सभापति टंकेश्वर पटेल, तथा सदस्य जनपद पंचायत सक्ती ज्ञानी खांडे, पहलवान दास महंत, अरुण शर्मा, विजय जायसवाल, शैलेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, खेल शिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

दो दिवसीय यह ब्लॉक स्तरीय सांसद खेल महोत्सव 25 और 26 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार इस महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना, पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करना और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है। मैदान में उमड़ा उत्साह इस आयोजन की सफलता का संकेत दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button