राजमिस्त्री कल्याण संघ ने मनाई भगवान विश्वकर्मा जयंती, भव्य झांकी व विसर्जन से गूंजा शक्ति नगर

सक्ती। राजमिस्त्री कल्याण संघ सक्ती द्वारा आज बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा-भाव से भगवान विश्वकर्मा जयंती मनाई गई। सुबह पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन में भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापित कर हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित अनिल शर्मा के सान्निध्य में पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान सभी राजमिस्त्रियों ने भगवान विश्वकर्मा के चरणों में मत्था टेककर सबके कल्याण की कामना की।
पूजन के पश्चात सभी सदस्य राधाकृष्ण मंदिर, ऑफिसर्स कॉलोनी पहुंचे, जहां भगवान विश्वकर्मा की प्राण प्रतिष्ठित मूर्ति विराजमान है। यहां संध्या आरती कर भोग-प्रसाद वितरण किया गया। विदित हो कि ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित इस मंदिर में विराजित भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति वर्षों पूर्व राजमिस्त्री कल्याण संघ द्वारा संघ के संरक्षक एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल के पिता स्व. घनश्याम सिंह पटेल की प्रेरणा से स्थापित की गई थी।
इस अवसर पर अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने सभी को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे अंचल के लिए गर्व का विषय है कि राधाकृष्ण मंदिर में विराजित भगवान विश्वकर्मा की यह मूर्ति वर्षों से आस्था का केंद्र बनी हुई है। उन्होंने संघ के सभी सदस्यों से आग्रह किया कि मंदिर की परंपरा व प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए नियमित रूप से दर्शन-पूजन कर पुण्य के भागी बनें।
जयंती अवसर पर संघ के वरिष्ठ मार्गदर्शक तरुण दुबे, प्रमोद साहू, नव निर्वाचित अध्यक्ष दुर्गा राजू सहित पीला दाऊ, महेंद्र बरेठ, सुरेंद्र साहू, गोपीनाथ, मुकेश धीवर, सी.डी. रगजा, प्रेम देवांगन, रनसाय, गुड्डन जाजंग, सगबीर खान, हरिओम साहू, प्रमोद साहू टेमर, अनवर पतरापाली समेत भारी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शाम को बाजे-गाजे, आतिशबाजी और श्रद्धालुओं की जयकारों के बीच भगवान विश्वकर्मा की भव्य झांकी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बंधवा तालाब पहुंची, जहां प्रतिमा विसर्जन विधिवत सम्पन्न हुआ।




