देशभक्ति के रंग में रंगा आबकारी नियंत्रण कक्ष सक्ती, 77वें गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराकर दी गई राष्ट्र को सलामी

सक्ती। 77वां गणतंत्र दिवस आबकारी नियंत्रण कक्ष सक्ती में हर्षोल्लास, देशभक्ति और उल्लास के वातावरण में गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल द्वारा विधिवत तिरंगा ध्वज फहराया गया।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान, आबकारी मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, विष्णु कौशिक, गोपाल डनसेना, संजीव भगत, भारती यादव, बसंती चौधरी सहित समस्त आबकारी स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारियों के परिवारजन, आसपास के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ नन्हे-मुन्ने बच्चों की सहभागिता ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी तथा गणतंत्र दिवस मनाने के उद्देश्य को विस्तार से बताया।
इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों को स्वल्पाहार एवं मिष्ठान वितरित कर गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन ने सभी के मन में राष्ट्रप्रेम, एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और सुदृढ़ किया।



