सक्ती जिला

परसी में देवी मां दरहागोसाइन मेला 23 से 27 जनवरी तक, तैयारियों में जुटी मेला प्रबंधक समिति

बसंत पंचमी से होगा शुभारंभ, सांसद कमलेश जांगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल, सुरक्षा व सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम

सक्ती। सक्ती जिला अंतर्गत मालखरौदा विकासखंड की अड़भार तहसील के ग्राम पंचायत बोडासागर के ग्राम परसी में सुप्रसिद्ध देवी मां दरहागोसाइन मेला का भव्य आयोजन इस वर्ष भी परंपरागत रूप से किया जा रहा है। मेला का शुभारंभ माघ शुक्ल बसंत पंचमी (सरस्वती जयंती) 23 जनवरी को होगा, जो 27 जनवरी तक चलेगा। मेला प्रबंधक समिति द्वारा तैयारियां जोरों-शोरों से की जा रही हैं।


मेला समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े तथा भाजपा कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती संयोगिता युद्धवीरसिंह जूदेव सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
मेले को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है। मनोरंजन के लिए झूला, सर्कस, खेल-तमाशा एवं टॉकीज सहित विभिन्न आकर्षण सजने लगे हैं, जिससे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


मेला प्रबंधक समिति के अध्यक्ष श्री जितेंद्र कुमार दिलावर ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवागमन के रास्तों का निर्माण, मंदिर परिसर में पेयजल की विशेष व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


उन्होंने बताया कि मेला अवधि के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मालखरौदा थाना, संबंधित चौकी प्रभारी एवं एक विशेष निगरानी समिति का गठन किया गया है, ताकि श्रद्धालु निर्भीक होकर दर्शन एवं मेले का आनंद ले सकें।


देवी मां दरहागोसाइन मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचते हैं। इस वर्ष भी मेले को लेकर ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button