खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा ने ली सक्ती में समीक्षा बैठक, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए सख्त निर्देश

सक्ती। छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने जिले के प्रवास के दौरान कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पूरक पोषण आहार योजना, मध्यान्ह भोजन योजना तथा शासकीय आश्रम–छात्रावासों में बीपीएल दर पर प्रदाय खाद्यान्न सहित अन्य विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में अध्यक्ष शर्मा ने जिले में ई-केवाईसी के शेष लगभग 50 हजार सदस्यों का विशेष अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उचित मूल्य दुकानों में आवश्यक सूचनाओं का स्पष्ट प्रदर्शन, स्टॉक का नियमित मिलान तथा दुकानों के समय पर खुलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पूरक पोषण आहार योजना के अंतर्गत पोषण ट्रैकर में पंजीकृत बच्चों के पुनः परीक्षण कराने, आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी आवश्यक जानकारियों के प्रदर्शन के निर्देश दिए गए। वहीं मध्यान्ह भोजन योजना के तहत जिले के सभी स्कूलों में प्रति डाइट चावल, दाल, सब्जी एवं अन्य सामग्री की निर्धारित मात्रा प्रदर्शित कर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
अध्यक्ष ने सभी शासकीय आश्रम व छात्रावासों में फोर्टिफाइड चावल को सही विधि से पकाने, प्रति छात्र खाद्यान्न की पात्रता तथा खाद्य विभाग के कॉल सेंटर नंबर को स्थायी रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, सदस्य सचिव छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग राजीव कुमार जायसवाल, जिला खाद्य अधिकारी खुमेश्वर सिंह, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्रबंधक नान सहित जिले के समस्त सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षक उपस्थित रहे।
मैदानी निरीक्षण भी किया
समीक्षा बैठक के पूर्व आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा एवं उनके दल ने मालखरौदा एवं अडभार स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्यान्न के सैंपल प्रदर्शित करने तथा एपीएल और बीपीएल चावल के स्टॉक को अलग-अलग रखने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र बीरभांठा क्रमांक-2 के निरीक्षण में फोर्टिफाइड चावल पकाने की विधि एवं खाद्य विभाग के कॉल सेंटर की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। मालखरौदा स्थित अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में भोजन चखकर निरीक्षण किया गया, जहां अधीक्षक के कार्यों की सराहना करते हुए फोर्टिफाइड चावल को सही तरीके से पकाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अपर प्राइमरी स्कूल, मालखरौदा के निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन में प्रति डाइट निर्धारित मात्रा बनाए रखने तथा जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में फोर्टिफाइड चावल पकाने की सही विधि के व्यापक प्रचार के निर्देश दिए गए। साथ ही निरीक्षण किए गए विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के भी निर्देश आयोग अध्यक्ष द्वारा दिए गए।




