सक्ती विधानसभा: डॉ. चरणदास महंत के सामने होंगे पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू ! कांग्रेसियों ने कहा – जनता का भरोसा महंत के साथ, भाजपा की ओर से डॉ साहू की प्रतिक्रिया – जनता का भरोसा कांग्रेस से उठ चुका है अब खिलेगा कमल

सक्ती। इस बार होने वाला विधानसभा चुनाव दिलचस्प होता हुआ नजर आ रहा है। कांग्रेस की भरोसे की रैली में जिस प्रकार विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरण दास महंत ने दम खम दिखाया है तो वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। उनकी टिकट लगभग फाइनल होती हुई दिखाई दे रही है। अब यहां पर यह लाजमी है कि क्या डॉक्टर खिलावन साहू भारतीय जनता पार्टी की ओर से विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरण दास महंत को परास्त कर पाएंगे तो इसके भी समीकरण बनते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिस प्रकार इन दिनों कांग्रेस में अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है और यह निश्चित तौर पर कांग्रेस खेमे को परेशान करने वाली है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी रहे राठौर समाज का प्रमुख चेहरा मनहरण राठौर इन दोनों विरोध में हैं। राठौर समाज भी खासा नाराज दिखाई दे रहा है। पिछले चुनाव में सक्ती राजमहल ने डॉक्टर चरण दास महंत का खुलकर समर्थन किया था लेकिन इस बार महल भी विधानसभा अध्यक्ष का विरोध कर रहा है। ऐसे में स्थिति कांग्रेस के अनुकूल दिखाई नहीं दे रही है।

भरोसा हुआ और मजबूत, कांग्रेस जीतेगी सक्ती विधानसभा – श्यामसुंदर
हालांकि भरोसे की यात्रा के साथ कांग्रेस ने अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया है काफी भीड़ भी जुटी लेकिन इसमें बाहरी लोगों के अधिक होने की अफवाहें उड़ती रही लेकिन जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि भरोसे की यात्रा को अच्छा प्रतिसाद मिला है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भरोसे की यात्रा में उमड़ी भीड़ और जन सैलाब इस बात को इंगित कर रहा है कि कांग्रेस एवं विधानसभा अध्यक्ष हैं उनके नेता हैं और उनके प्रति अभी भी लोगों का विश्वास मजबूती के साथ कायम है।
इस बार भाजपा को कोई रोक नहीं सकता, सक्ती विधानसभा जीतेंगे प्रचंड मतों से – खिलावन साहू

वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू ने कहा कि भरोसे की यात्रा निकालकर कांग्रेस केवल अपने मन को संतोष दे रही है वास्तविकता यह है कि अब कांग्रेस और विधानसभा अध्यक्ष के प्रति लोगों मोह भंग हो गया है और चारों तरफ परिवर्तन की बयार चल रही है। भारतीय जनता पार्टी इस बार प्रचंड मतों से विजय होकर सक्ती विधानसभा में अपना परचम लहराएगी। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कद्दावर नेता मुख्यमंत्री पद का चेहरा रह चुके डॉक्टर चरण दास महंत को किस प्रकार भाजपा चुनौती देती है?
लग सकती है डॉक्टर साहू के नाम पर मुहर –
जिस प्रकार कांग्रेस की भरोसे की यात्रा में चरण दास महंत के समर्थन में काफिला निकला उसे यह स्पष्ट प्रतीत होता हुआ दिखाई दे रहा है की सक्ती विधानसभा से कांग्रेस के उम्मीदवार डॉक्टर चरण दास महंत ही होंगे। साथ ही भारतीय जनता पार्टी की ओर से यह खबर भी अखबारों की हेडलाइंस बनी हुई है कि भाजपा पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू को अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है। जल्द ही सक्ती विधानसभा के लिए प्रत्याशी की घोषणा हो जाएगी।





