धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने शासन सक्रिय, किसानों के लिए टोकन जारी करने की नई व्यवस्था प्रभावी
सक्ती। राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 15 नवंबर से 31 जनवरी 2026 तक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। इस वर्ष धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन जारी किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को उनकी पात्रता के अनुसार समय पर सुविधा मिल सके।
शासन के निर्देशों के अनुसार किसानों के लिए टोकन पात्रता भूमि के आधार पर निर्धारित की गई है—
2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 1 टोकन,
2 से 10 एकड़ भूमि वाले किसानों को अधिकतम 2 टोकन,
10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन जारी किए जाएंगे।
टोकन वितरण की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित के प्रबंध संचालक द्वारा जिलों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत किसानों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए चौक-चौराहों पर मैसेज डिस्प्ले, तथा पंचायत स्तर पर मुनादी कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है, ताकि कोई भी किसान जानकारी के अभाव में वंचित न रहे।
धान खरीदी व्यवस्था को तकनीक से जोड़कर किसानों को सुविधा उपलब्ध कराने के इस कदम को जिले भर में सराहा जा रहा है।




