ग्राम पंचायत झर्रा को मिला स्वच्छ पेयजल टैंकर, बीडीसी मालिकराम यादव की पहल से ग्रामीणों को राहत

मालखरौदा। जनपद पंचायत मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत झर्रा में पेयजल संकट को देखते हुए बीडीसी सदस्य मालिकराम यादव द्वारा 15 वित्त से स्वच्छ पेयजल टैंकर उपलब्ध कराया गया है। टैंकर मिलने से ग्रामवासियों को बड़ी राहत मिली है। इस पहल के लिए ग्रामीणों ने मालिकराम यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस संबंध में बीडीसी मालिकराम यादव ने बताया कि क्षेत्र के कई गांवों में इन दिनों भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है, जिसके कारण लोगों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। खासकर शादी-विवाह, दशगात्र, छठी तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान पानी की कमी से ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जल समस्या को ध्यान में रखते हुए जनपद पंचायत मालखरौदा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को इसकी जानकारी दी गई और उनकी सहमति से ग्राम पंचायत झर्रा के लिए स्वच्छ पेयजल टैंकर उपलब्ध कराया गया।
मालिकराम यादव ने आगे कहा कि आगामी वर्ष में ग्राम पंचायत सपिया और ग्राम पंचायत बोकरेल में भी उनके द्वारा स्वच्छ पेयजल टैंकर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वहां के ग्रामीणों को भी राहत मिल सकेगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि पानी का सदुपयोग करें और इसे व्यर्थ न बहाएं, क्योंकि “जल है तो कल है।”




