माहुलदीप में 3 दिवसीय ओपन कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन — खिलाड़ियों में दिखा उत्साह, दर्शकों में जोश

अरुण निराला संवाददाता सक्ती। मालखरौदा विकासखंड के ग्राम माहुलदीप में आयोजित तीन दिवसीय ओपन कबड्डी प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लेकर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत मालखरौदा की अध्यक्ष श्री कवि वर्मा उपस्थित रहे। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री कीर्तन चंद्रा, जनपद उपाध्यक्ष श्री रितेश साहू एवं मालखरौदा सरपंच संघ अध्यक्ष श्री राजू साहू ने भी अपनी उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण खेल संस्कृति को नई ऊंचाई दी। विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थिति दर्ज कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन से ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है।




