सक्ती में यूनिटी मार्च पदयात्रा का भव्य आयोजन — लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर एकता का संदेश

सक्ती – लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना को सशक्त करने हेतु जिले में “यूनिटी मार्च पदयात्रा” का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत सरकार के 6 अक्टूबर 2025 से शुरू हुए “यूनिटी मार्च अभियान” के अंतर्गत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में तुर्रीधाम से हुआ। उन्होंने भगवान शिव, बुढ़ादेव एवं सरदार पटेल की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर पदयात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ ली।

पदयात्रा तुर्रीधाम से आरंभ होकर सामुदायिक भवन सक्ती तक संपन्न हुई। मार्ग में डड़ाई चौक, असौंदा, अचानकपुर, डोडकी एवं सेजेस कसेर पारा में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने अनेकता में एकता की थीम पर आकर्षक नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
सांसद कमलेश जांगड़े ने अपने संबोधन में कहा —
“लौह पुरुष सरदार पटेल जी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। यूनिटी मार्च जैसे आयोजन युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना जगाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि यह पदयात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के “विकसित भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा —
“यूनिटी मार्च केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे भीतर अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करने का माध्यम है।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।




