सक्ती जिला

सरदार पटेल जयंती पर निकलेगा भव्य यूनिटी मार्च, तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न

सक्ती। भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले यूनिटी मार्च की तैयारियों को लेकर आज लोकसभा क्षेत्र जांजगीर–चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में यूनिटी मार्च के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सांसद जांगड़े ने बताया कि सक्ती जिले में तुर्रीधाम से सामुदायिक भवन सक्ती तक यूनिटी मार्च पदयात्रा का आयोजन 9 नवंबर 2025 को सुबह 9 बजे किया जाएगा।

सांसद ने कहा कि सरदार पटेल जी की जयंती पर आयोजित यह मार्च एकता, अखंडता और राष्ट्र सेवा का प्रतीक होगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर स्कूली बच्चों, युवाओं, ग्रामीणों और आमजन को सरदार पटेल जी के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान से अवगत कराने के लिए विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे — जिनमें विद्यालयों में निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, गांवों में नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठियाँ और प्रदर्शनियाँ शामिल हैं।

जांगड़े ने कहा कि पदयात्रा के दौरान सभी मंदिरों में माल्यार्पण किया जाएगा और यह यात्रा युवाओं को सरदार पटेल जी के विचारों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जगन्नाथ पाणिग्रही ने सरदार पटेल जी के देशप्रेम और राष्ट्र एकता में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल जी के जीवन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिले, यही इस आयोजन का उद्देश्य है।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए यूनिटी मार्च को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, एनजीओ और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की।

साथ ही जिले के सभी हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में “सरदार पटेल का जीवन एवं योगदान” विषय पर निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी का आयोजन होगा। इसके साथ ही नशा मुक्त भारत की शपथ एवं ‘गर्व से स्वदेशी अपनाने’ का संकल्प भी दिलाया जाएगा।

यात्रा का समापन सामुदायिक भवन सक्ती में होगा। इसके उपरांत जिले से चयनित पांच युवा, सक्ती से नागपुर होते हुए करमसद की यात्रा पर प्रस्थान करेंगे।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत सदस्य विद्या सिदार, टिकेश्वर गबेल, संजय रामचंद्र, थाना प्रभारी अभिषेक शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button