पोता नहर पुल के पास दो कारों में आमने-सामने की भिड़ंत, इंडिगो कार नहर में गिरी

मालखरौदा (सक्ती)। 31 अक्टूबर 2025 – मालखरौदा ब्लॉक अंतर्गत पोता–चरौदी नहर पुल के पास आज सुबह करीब 10:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओडेकरा निवासी पी. के. चंद्रा अपनी इंडिगो कार से खरसिया की ओर जा रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट कार से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंडिगो कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार सवारों को बचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मालखरौदा पुलिस और स्थानीय गोताखोर दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में स्विफ्ट कार सवार लोगों गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें मालखरौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह स्थान अक्सर हादसों का केंद्र बनता जा रहा है, कुछ दिन पूर्व ही इस पुल में स्कॉर्पियो कार गिर गया था जिसमें 2 लोगों की मृत्यु हो गई थी। वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर पुल पर चेतावनी संकेतक लगाने और रेलिंग की मरम्मत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।




