सक्ती जिला

गोबरा में भीषण सड़क हादसा — अज्ञात वाहन की टक्कर से 8 मवेशियों की मौत, 2 घायल, ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन से की कड़ी कार्रवाई की मांग

अरुण निराला संवाददाता, डभरा।  जिले के डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर स्थित गोबरा गांव के पास कंचन फ्यूल्स के समीप शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे खड़े लगभग 10 मवेशियों को जोरदार टक्कर मार दी।

इस दर्दनाक हादसे में 8 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डभरा पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की तथा पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को बुलाकर घायल गायों का उपचार कराया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त है और रात के समय तेज गति से वाहन गुजरते हैं। सड़क किनारे पशुओं के ठहरने या बैठने पर हादसे की संभावना बनी रहती है, लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी संकेतक लगाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।

ग्रामवासियों ने कहा कि बीते कुछ महीनों में इसी मार्ग पर कई बार मवेशियों की मौत हो चुकी है, मगर प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने फरार वाहन चालक की तलाश और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोकथाम के ठोस उपाय नहीं किए गए, तो वे सड़क जाम कर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button