सक्ती जिला

रजत जयंती वर्ष पर महिला एवं बाल विकास विभाग का बड़ा लक्ष्य : 11 हजार पोषण पेटी बनाने की पहल

सक्ती // छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष की विकास यात्रा पर रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग सक्ती द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में विभाग ने 11,000 पोषण पेटी तैयार कर हितग्राहियों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

यह पहल प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों के घर-घर जाकर की जा रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पात्र हितग्राहियों को ₹5,000 की राशि दो किश्तों में तथा महतारी वंदन योजना के तहत ₹1,000 प्रति माह की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से प्रदान की जाती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर गृहभेंट के माध्यम से हितग्राहियों को इस राशि का उपयोग पोषण पेटी तैयार करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इन पोषण पेटियों में नवविवाहिताएं, गर्भवती माताएं, शिशुवती माताएं और 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए पौष्टिक आहार एवं आवश्यक सामग्री शामिल की जा रही है। विभाग द्वारा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी गांव-गांव किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ ले सकें। यह पहल न केवल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाने का प्रयास है, बल्कि जिले में पोषण सुरक्षा एवं स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में सशक्त कदम साबित हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button