क्राइम

खरसिया ठुसेकेला हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा – पड़ोसी और नाबालिग गिरफ्तार, चरित्र शंका बनी वजह

रायगढ़, 13 सितंबर। रायगढ़ पुलिस ने खरसिया के ठुसेकेला गांव में घटित दिल दहला देने वाले चारहरे हत्याकांड का खुलासा मात्र 48 घंटे में कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक बुधराम उरांव और उसके पूरे परिवार की हत्या पड़ोसी लकेश्वर पटैल और एक नाबालिग ने मिलकर की। हत्या की वजह चरित्र शंका और आपसी रंजिश रही।

घटनाक्रम

11 सितंबर को ग्रामीणों ने खरसिया पुलिस को सूचना दी कि राजीवनगर ठुसेकेला निवासी बुधराम उरांव के घर का दरवाजा अंदर से बंद है और भीतर खून के धब्बे दिख रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, एडिशनल एसपी आकाश मरकाम, डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा, एसडीओपी प्रभात पटेल सहित खरसिया, छाल, पूंजीपथरा, जोबी, कोतरारोड़ पुलिस, एफएसएल, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वाड और बीडीएस टीम मौके पर पहुँची।

जांच के दौरान बुधराम (42), उसकी पत्नी सहोद्रा (37), बेटा अरविंद (12) और बेटी शिवांगी (5) के शव उनके बाड़ी के खाद गड्ढे से बरामद हुए। धारदार हथियार से हत्या की पुष्टि के बाद खरसिया चौकी में अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस की रणनीति और खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेंज आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अलग-अलग पुलिस टीमों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। एसपी ने खरसिया में कैंप कर निरंतर मॉनिटरिंग की।

शक के दायरे में आए पड़ोसी लकेश्वर पटैल से पूछताछ पर हत्या का राज खुला। आरोपी ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है और उसका पड़ोसी बुधराम भी यही काम करता था। जमीन विवाद, पूर्व चोरी की घटना और चरित्र शंका के चलते उसके मन में रंजिश घर कर गई थी। इसी वजह से उसने नाबालिग के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

हत्या की रात का घटनाक्रम

9 सितंबर की रात जब बुधराम शराब के नशे में था, तब लकेश्वर और नाबालिग ने घर में घुसकर सो रहे बुधराम, उसकी पत्नी और दोनों बच्चों पर हथियार से हमला कर निर्ममता से हत्या कर दी। शवों को घर के भीतर गाड़ने की कोशिश नाकाम रही, तो उन्हें घसीटकर बाड़ी के खाद गड्ढे में दफना दिया।

साक्ष्य और गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर वारदात का री-क्रिएशन कराया। उनके मेमोरेंडम पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया, रॉड, गैंती, फावड़ा और खून से सने कपड़े जब्त किए गए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम का योगदान

इस खुलासे में एएसपी आकाश मरकाम, डीएसपी अनिल विश्वकर्मा, एसडीओपी प्रभात पटेल, वैज्ञानिक अधिकारी पी.एस. भगत, थाना प्रभारी खरसिया राजेश जांगड़े, चौकी प्रभारी अमित तिवारी, थाना प्रभारी छाल त्रिनाथ त्रिपाठी, पूंजीपथरा राकेश मिश्रा, कोतरारोड़ मोहन भारद्वाज, भूपदेवपुर संजय नाग, चौकी प्रभारी जोबी लक्ष्मी नारायण राठौर सहित बीडीएस, डॉग स्क्वॉड, एफएसएल व विशेष टीमों की अहम भूमिका रही।

आरोपी और उसका आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपी लकेश्वर पटैल (32 वर्ष), निवासी राजीवनगर ठुसेकेला, पहले भी हत्या के मामले में सजायाफ्ता रह चुका है। उसके साथ पकड़ा गया दूसरा आरोपी एक नाबालिग है, जो विधि संघर्षरत श्रेणी में आता है।

वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिक्रिया

रेंज आईजी डॉ. संजीव शुक्ला और एसपी दिव्यांग पटेल ने टीम को त्वरित कार्रवाई के लिए बधाई दी और स्पष्ट संदेश दिया कि ऐसे जघन्य अपराधों में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button