सक्ती जिला

आयुष्मान कार्ड व वय वंदना कार्ड हेतु 5 नवम्बर को महा शिविर

अरुण निराला संवाददाता, सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के रजत जयंती वर्ष 2025 के अवसर पर 5 नवम्बर 2025 को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक जिलेभर में महाभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हांकित पीडीएस उचित मूल्य की दुकानों में शिविर लगाकर सभी छूटे हुए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदना कार्ड (70 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के लिए) बनाए जाएंगे।

शिविर में प्रत्येक परिवार सदस्य का अलग-अलग आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। इसके लिए नागरिकों को आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना आवश्यक होगा, ताकि सत्यापन कर कार्ड जारी किया जा सके।

70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का वय वंदना कार्ड भी शिविर में बनाया जाएगा। जिन वरिष्ठ नागरिकों के पास पहले से सामान्य आयुष्मान कार्ड है, उन्हें 70 वर्ष पूर्ण होने के बाद पुनः केवाईसी कराना होगा। इससे उन्हें 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त स्वास्थ्य बीमा लाभ प्राप्त होगा।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस महा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड बनवाएं और शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाएं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीमती पूजा अग्रवाल ने भी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस एक दिवसीय विशेष शिविर में सम्मिलित होकर योजना का अधिकतम लाभ लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button