सक्ती जिलासक्ती नगर

बारामती में बड़ा हादसा: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का विमान दुर्घटना में निधन, सियासी गलियारों में शोक की लहर


मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अजीत पवार का बुधवार सुबह बारामती (पुणे जिला) के समीप एक भीषण विमान हादसे में दुखद निधन हो गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब उनका चार्टर्ड विमान बारामती एयरपोर्ट पर उतरने का प्रयास कर रहा था। लैंडिंग के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके बाद विमान में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विमान मुंबई से बारामती की ओर रवाना हुआ था। दुर्घटना के वक्त विमान में अजीत पवार सहित कुल पाँच लोग सवार थे, जिनमें उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, एक परिचर तथा दो क्रू मेंबर शामिल थे। हादसा इतना भयावह था कि विमान में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) एवं अन्य आधिकारिक सूत्रों ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान लैंडिंग के दौरान नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। प्रारंभिक जांच में विमान के रनवे के पास गिरने और टकराते ही आग लगने की बात सामने आई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
अजीत पवार महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे प्रभावशाली और अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने दशकों तक राज्य की राजनीति में अहम भूमिका निभाई और उपमुख्यमंत्री सहित कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। उनके आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
घटना की खबर मिलते ही राज्य और देशभर के राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। पूरे महाराष्ट्र में शोक का माहौल है, वहीं बारामती सहित कई क्षेत्रों में उनके समर्थकों में गम और स्तब्धता देखी जा रही है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत, कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button