सक्ती जिला

बिर्रा बस स्टैंड के पास दीपक वस्त्रालय में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, पुलिस-होमगार्ड की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना

बिर्रा – पुलिस थाना बिर्रा अंतर्गत बस स्टैंड चौक, केरा रोड स्थित दीपक वस्त्रालय में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान के भीतर रखा पूरा वस्त्र सामग्री जलकर राख हो गया। घटना देर रात लगभग 12:45 बजे की बताई जा रही है, जब दुकान के अंदर से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिर्रा निरीक्षक जय कुमार साहू पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल विद्युत विभाग को अवगत कराकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। आग पर काबू पाने के लिए पास स्थित पेट्रोल पंप से फायर एक्सटिंग्विशर मंगवाकर इस्तेमाल किया गया, वहीं सिनेमा हॉल के मोटर पंप से पानी का छिड़काव किया गया, ताकि आग आसपास की दुकानों तक न फैल सके।


विशेष रूप से दीपक वस्त्रालय से सटे मेडिकल स्टोर को आग की चपेट में आने से बचाने के लिए सतर्कता बरती गई। इसी दौरान होमगार्ड जांजगीर की अग्निशमन टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।


इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, प्रधान आर. गौतम, आर. गोविन्द पाण्डेय, आर. रघुवीर यादव सहित होमगार्ड अग्निशमन दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button