ग्राम तलवा में चला ‘चलित थाना’, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने साइबर फ्रॉड, यातायात नियम व नशा मुक्ति पर किया जागरूक

बाराद्वार। आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर की उपस्थिति में थाना बाराद्वार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तलवा में चलित थाना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निरीक्षक नरेंद्र यादव थाना प्रभारी बाराद्वार, थाना स्टाफ के साथ ही ग्राम छीतापंडरिया, दर्राभाटा एवं खम्हारिया के सरपंच, ग्राम तलवा महिला कमांडो, लगभग 150 ग्रामीणजन तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।
चलित थाना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री ठाकुर ने साइबर फ्रॉड, यातायात नियमों एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करना एवं ऑनलाइन ठगी जैसे मामलों से सावधान रहना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाना/साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया गया।
यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाना, तेज गति से वाहन न चलाना तथा ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करना न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए भी अनिवार्य है।
नशा मुक्ति विषय पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए अत्यंत घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नशा उन्मूलन में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को जागरूकता पाम्पलेट वितरित किए गए तथा सभी से कानून का पालन करने एवं सुरक्षित, नशा-मुक्त और जागरूक समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।




