नगरदा पुलिस ने पटाखा दुकानदारों की ली बैठक, दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

अरुण निराला संवाददाता सक्ती/नगरदा, 15 अक्टूबर 2025 – दीपावली पर्व के मद्देनज़र थाना नगरदा क्षेत्र में पटाखा दुकानदारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी द्वारा सभी विक्रेताओं को सुरक्षा के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र, रेत, पानी एवं बाल्टी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। दुकानों के आसपास किसी भी प्रकार की ज्वलनशील वस्तु न रखी जाए, तथा जहां पटाखे रखे जा रहे हों वहां शॉर्ट सर्किट की संभावना बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि अबोध बच्चों को पटाखों से दूर रखा जाए, और केवल लाइसेंसधारी व्यक्ति ही अपनी दुकान संचालित करें। लाइसेंस की प्रति दुकान पर उपलब्ध रहनी अनिवार्य होगी। साथ ही, पटाखा दुकानें घनी आबादी से दूर लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण दीपावली मनाई जाए।




