सक्ती जिले की स्वास्थ्य सेवा में नई उपलब्धि — सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती में हुआ पहला सफल डायलिसिस, अब नहीं जाना पड़ेगा दूर-दराज शहरों में

अरूण निराला संवाददाता-सक्ती। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के इतिहास में बुधवार का दिन एक मील का पत्थर साबित हुआ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती में डायलिसिस यूनिट में पहली बार सफल डायलिसिस प्रक्रिया पूरी की गई। यह सफलता जिले की स्वास्थ्य प्रणाली को नई दिशा देने वाली साबित होगी।
पहला सफल डायलिसिस अत्यंत सावधानी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया गया। मरीज की सेरोलॉजी रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है और फिलहाल उसकी स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। इस सफलता के साथ ही अब जिले के मरीजों को डायलिसिस के लिए बिलासपुर, रायगढ़ या अन्य बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि, “यह सक्ती जिले के लिए गर्व का क्षण है। अब हमारे यहां भी डायलिसिस जैसी आधुनिक सुविधा उपलब्ध है। इससे न केवल नगर के लोगों को बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों से आने वाले मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से वे मरीज, जिन्हें सप्ताह में दो या तीन बार डायलिसिस की आवश्यकता होती है, अब उन्हें लंबी यात्रा की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।”
डायलिसिस यूनिट के शुभारंभ से स्वास्थ्य केंद्र की कार्यक्षमता और भरोसे में बड़ा इज़ाफा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि भविष्य में यहां और भी उन्नत मशीनें और विशेषज्ञ स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को लाभ मिल सके।
यह सफलता जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।




