नवगठित सक्ती जिला ने 30,512 आवास पूर्ण कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल

अरूण निराला संवाददाता -सक्ती! कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और जिला पंचायत सीईओ वासु जैन के दिशा-निर्देशन में नवगठित सक्ती जिला ने आवास निर्माण के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2024-25 में जिले ने 30,512 आवास पूरे कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य केवल मकान बनाना नहीं, बल्कि हर ग्रामीण परिवार को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। उन्होंने कहा, “सक्ती जिला इस दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है।”
जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी किर्तन चन्द्रा ने कहा कि टीमवर्क और ग्रामीणों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो पाई है। उनका कहना था कि प्राथमिकता हमेशा पात्र परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुँचाना रही है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी जिला पंचायत सक्ती के अनुसार, वर्ष 2016 से 2023 तक 44,319 आवासों का निर्माण पूरा किया गया, जिसमें जिला गठन के बाद के 10,182 आवास शामिल हैं। इसी तरह वर्ष 2024-25 में अब तक 30,512 आवास पूर्ण होने से सक्ती राज्य का तीसरा ऐसा जिला बन गया है, जिसने 30 हजार से अधिक आवास निर्माण कार्य पूरे किए हैं।
इस प्रकार 2016 से अब तक कुल 74,831 आवास निर्माण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं। नवगठित जिला होने के बावजूद यह उपलब्धि ग्रामीण विकास और जीवन स्तर सुधार की दिशा में प्रदेश स्तर पर मील का पत्थर साबित हुई है।




