इष्टदेव झूलेलाल के अपमान पर सिंधी समाज में आक्रोश, झूलेलाल की तस्वीर लेकर थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

सक्ती। इष्टदेव भगवान झूलेलाल के प्रति सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से सिंधी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। रविवार को सक्ती नगर के सिंधी समाज के सैकड़ों लोग एकजुट होकर अपने आराध्य देव की तस्वीर लेकर सक्ती थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
समाजजनों ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा भगवान झूलेलाल के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी की गई है और सिंधी समाज के प्रति भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। इस घटना से समाज में रोष और असंतोष का वातावरण निर्मित हो गया है।

ज्ञापन के माध्यम से समाजजनों ने आरोपी के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने की धाराओं के तहत तत्काल अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो सिंधी समाज चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा।
सिंधी समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि भगवान झूलेलाल सद्भाव, एकता और सत्य के प्रतीक हैं। उनके प्रति अमर्यादित टिप्पणी केवल सिंधी समाज का नहीं बल्कि समूचे समाज का अपमान है। समाज हमेशा शांति और कानून व्यवस्था में विश्वास रखता है, लेकिन आस्था के अपमान पर मौन नहीं रहेगा।
थाना प्रभारी ने ज्ञापन प्राप्त कर समाजजनों को निष्पक्ष जांच और नियमानुसार सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर चुहडमल जेसवानी, हरिमल रोचलानी, गुरुद्वारा महाराज जी, पुरुषोत्तम कृपलानी, ओम कृपलानी, कन्हैया अठवानी, सुनील कृपलानी, ओमप्रकाश कृपलानी, ओमप्रकाश कुकरेजा, हरनाम नागदेव, दिलीप कृपलानी, लक्ष्मण रोचलानी, सुरेश कृपलानी, सिद्धार्थ अठवानी, रवि नागदेव, सोनू कुकरेजा, प्रवीण अठवानी, बाबूलाल, कुनाल कृपलानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।



