सक्ती जिला स्थापना दिवस पर कलेक्टर व एसपी को चैंबर ऑफ कॉमर्स ने दी शुभकामनाएं, शहर की सुरक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन

सक्ति। जिला स्थापना दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स सक्ति के पदाधिकारियों ने कलेक्टर अमृत विकास टोपनो, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव से सौजन्य मुलाकात कर बधाई दी।
इस दौरान चैंबर प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को नगर में बढ़ती लूटपाट और चैन स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से आम नागरिकों और व्यापारियों में भय का माहौल है, अतः कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने चैंबर प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अपराधियों पर नकेल कसने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी, गश्त व्यवस्था और मजबूत होगी तथा घटनाओं में लिप्त आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सक्ती इकाई अध्यक्ष मुकेश बंसल ने कहा कि व्यापारियों और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। चैंबर ने हमेशा जनहित और व्यापार हित में आवाज़ उठाई है और आगे भी प्रशासन के साथ मिलकर जिले को सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए हर संभव सहयोग करेगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कथूरिया ने कहा कि जिले के व्यापारी प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं।
इस अवसर पर पवन सराफ, कैलाश खेतान, अतिश अग्रवाल, विकास अग्रवाल एवं सुनील कृपलानी सहित चैंबर के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।




