नगरदा में सुचारू रूप से चल रही धान खरीदी, किसानों ने कहा -हम संतुष्ट

सक्ती। नगरदा धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी का कार्य सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संचालित हो रहा है। बीते दिनों कुछ लोगों द्वारा धान खरीदी को लेकर शिकायत की गई थी, जिस पर प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर जांच एवं पंचनामा कार्यवाही की गई। जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा किए गए पंचनामा में धान खरीदी की समस्त प्रक्रिया नियमों के अनुरूप और सही पाई गई। धान तौल, टोकन, रजिस्टर संधारण एवं भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गंभीर अनियमितता सामने नहीं आई। धान बेचने पहुंचे किसानों ने भी साफ शब्दों में कहा कि खरीदी केंद्र में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। किसानों के अनुसार समय पर टोकन के आधार पर तौल हो रही है और कर्मचारियों द्वारा सहयोगात्मक व्यवहार किया जा रहा है।
अफवाहों पर लगा विराम –
प्रशासनिक जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कुछ लोगों द्वारा की गई शिकायतें तथ्यहीन थीं। पंचनामा रिपोर्ट के सामने आने के बाद अफवाहों पर विराम लग गया है और खरीदी केंद्र की कार्यप्रणाली पर किसानों ने संतोष व्यक्त किया है।




