ट्रैक्टर में बाराती बनकर पहुंची पुलिस, जुआ खेलते 8 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती-फगुरम । जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में फगुरम पुलिस ने एक अनोखी रणनीति अपनाते हुए ट्रैक्टर में बाराती बनकर दबिश दी और जुआ खेल रहे 8 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थ, गांजा, शराब तथा जुआ-सट्टा के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली के नेतृत्व में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
दिनांक 09 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कानाकोट में खार नहर किनारे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल को अवगत कराया गया तथा उनके मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डभरा सुमित गुप्ता एवं थाना प्रभारी डभरा राजेश पटेल के निर्देशन में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने शक से बचने के लिए ट्रैक्टर में बाराती बनकर मौके पर दबिश दी। दबिश के दौरान 8 जुआरियों को 52 पत्ती ताश से “काटपत्ती” नामक जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपियों के पास एवं फड़ से कुल 26,000 रुपये नगद तथा 7 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार साहू, शिवम साहू, संजय साहू (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़), भेषज किशोर साहू, देवेंद्र साहू, वीरेंद्र कुर्रे, राकेश कुमार सांडें एवं दीपक कुमार चंद्रा शामिल हैं।
मौके के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ी लगभग 15-15 लाख रुपये कीमत की दो कारें भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं 3 अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी फगुरम पुलिस, साइबर सेल सक्ती की टीम एवं आरक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




