सक्ती जिला

चंद्रहासिनी मंदिर दर्शन के लिए आई महिला से सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, पुलिस ने की घेराबंदी – CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं

सक्ती/चंद्रपुर। श्रद्धा की नगरी चंद्रहासिनी धाम के पास श्रद्धालु महिला से दिनदहाड़े मंगलसूत्र छीनकर भाग निकले दो नकाबपोश बदमाशों की वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर सवार थे और महिला से 14.350 ग्राम सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। घटना रविवार, 27 अक्टूबर की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के पुसौर निवासी नंदनी गुप्ता अपने देवर, देवरानी, जेठ, जेठानी और बच्चों के साथ प्रसिद्ध चंद्रहासिनी मंदिर में दर्शन करने आई थीं। दर्शन के बाद जब वह मंदिर के पास स्थित गली में आगे बढ़ रही थीं, तभी अचानक हेलमेट पहने दो युवक बाइक से पहुंचे। एक युवक ने महिला के गले से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया, जबकि दूसरा युवक बाइक तेज गति से सारंगढ़ की ओर भगाकर ले गया।

घटना के बाद महिला ने तुरंत शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश मौके से ओझल हो चुके थे। आसपास मौजूद श्रद्धालु और दुकानदार भी घटना से हक्का-बक्का रह गए।

सूचना मिलते ही चंद्रपुर थाना प्रभारी सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र में नाका बंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

थाना प्रभारी चंद्रपुर ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है और टीम गठित कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना प्रसारित कर दी है ताकि आरोपी जल्दी पकड़े जा सकें।

इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि चंद्रहासिनी मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थल पर ऐसी घटनाएँ सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर परिसर और मार्गों पर स्थायी पुलिस चौकी तथा CCTV निगरानी प्रणाली स्थापित की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंदिर दर्शन के दौरान कीमती गहने या भारी आभूषण पहनकर न आएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button